आगरा : (मानवीय सोच) दो अवर अभियंताओं, प्रवर्तन दल के दो उपनिरीक्षकों एवं एक मुख्य आरक्षी के खिलाफ रिश्वतखोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पावर कॉरपोरशन में हलचल मची हुई है। बिजली चोरी और रिश्वतखोरी रोकने के लिए विभाग ने कमर कसनी शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं के साथ ही बिजली चोरी की निगरानी में लगी टीम पर भी निगाह रखी जाएगी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने निर्देश दिया है कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगरा का प्रकरण सामने आने के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने दक्षिणांचल के प्रबंध निदेशक द्वारा आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अधिकारी हो या कर्मचारी भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ता का उत्पीड़न किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
