शाहजहांपुर के रोजा में रविवार से यार्ड रिमॉडलिंग के साथ ही प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य शुरू हो गया। इसको लेकर रेलवे ने एक माह का ब्लॉक लिया है। इससे रोजा से गुजरने वालीं करीब 96 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। एक दिन पहले इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। रेल यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। शाहजहांपुर-लखनऊ एवं रोजा-सीतापुर सिटी डबल रेल लाइन व रोजा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य होना है। शनिवार को मुरादाबाद से वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक आशीष सिंह, सीनियर डीईई जन्मेजय उपाध्याय समेत तमाम अधिकारी अपनी स्पेशल कार से रोजा जंक्शन स्टेशन पहुंचे। उन्होंने यार्ड का निरीक्षण किया। इसके बाद पॉवर केबिन पहुंचे और अधिकारियों से यार्ड रिमॉडलिंग संबंधित कार्यों की तैयारियों की जानकारी ली। 12369/70 हावड़ा-देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस, 12327/78 हावड़ा-देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस को लखनऊ तथा 04319/20 लखनऊ-शाहजहांपुर-लखनऊ मेल को बालामऊ से शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। पैंसेजर ट्रेनों का संचालन भले ही रविवार से ही निरस्त हो, मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें 23 जुलाई से रद्द होंगी।
