लखनऊ : (मानवीय सोच) उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। एक तरफ जहां कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई जारी है। वहीं दूसरी तरफ कोर्ट में प्रभावी पैरवी के जरिए अपराधियों को सजा दिलाई जा रही है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी विजय कुमार के ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत तीन महीने में 10,487 अपराधियों को सजा दिलाई गई।
डीजीपी विजय कुमार ने एक जुलाई से आपरेशन कन्विक्शन शुरू किया था। एडीजी एटीएस मोहित अग्रवाल को इस अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। सजा कराने के लिए महिला उत्पीड़न व पॉक्सो के 14,903 और माफियाओं से जुड़े 686 केस को चिह्नित किया गया था। अभियान के दौरान तीन माह में 7,665 केस में 10,487 दोषियों को सजा करवाई गई। इसमें 10 दोषियों को मृत्युदंड, 1,142 को आजीवन कारावास, 189 को 20 वर्ष की कैद, 722 को 10 वर्ष या उससे अधिक की कैद और 8424 दोषियों को एक से 10 वर्ष की सजा सुनाई गई है।
