बुलंदशहर : (मानवीय सोच) प्रॉपर्टी को लेकर एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। इसके बाद वह लाश को चादर में बांधकर गठरी घर में ही चारपाई के नीचे रखकर फरार हो गया। घर से कोई आहट न होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर के दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर अंदर घुसी, ताे कमरे में गठरी में लाश मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इसके साथ ही पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मामला शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुफ्तिवाड़ा का है। मोहल्ले में चेतन अपने 60 साल के पिता राजपाल के साथ रहता था। राजपाल के दो बेटे हैं, जिनमें से एक बेटा बाहर रहकर नौकरी करता है। पड़ोसियों ने बताया कि चेतन बुजुर्ग पिता से जमीन और घर अपने नाम करवाने की जिद कर रहा था। लेकिन पिता दोनों बेटों को बराबर हिस्सा देना चाह रहे थे। इसे लेकर पिता-पुत्र में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
