नई दिल्ली : (मानवीय सोच) जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग का एक और मामला सामने आया है. मिल रही जानकारी के अनुसार आतंकियों ने इस बार जम्मू-कश्मीर पुलिस के कांस्टेबल को अपना निशाना बनाया है. पुलिस के अनुसार आतंकियों ने कांस्टेबल गुलाम मोहम्मद दर पर उनके घर में घुसकर हमला किया है. घटना कश्मीर कारलपोरा गांव की है. कांस्टेबल को घायल हालत में पास के अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी मौत हो चुकी है.
इस घटना को लेकर कश्मीर पुलिस ने एक बयान जारी किया है. इस बयान में कहा गया है कि घायल पुलिस कर्मियों ने दम तोड़ दिया और वीरगति को प्राप्त हुए. हम शहीद को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और इस महत्वपूर्ण समय में उनके परिवार के साथ खड़े हैं. इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. आतंकियों का पता लगाने के लिए फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है.
