कानपुर (मानवीय सोच) श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। जनरल गंज स्थित श्री उमा जगदीश मंदिर, विरजी भगत मंदिर व बाईजी मंदिर के पट भोर से ही खुल गए। भगवान जगन्नाथ की जयकार के बीच पूजा-अर्चना हुई। भगवान जगन्नाथ,बहन सुभद्रा व भाई बलदाऊ का श्रृंगार किया गया। भक्तों ने महाआरती में भाग लिया। मंदिरों में सजी अद्भुत दरबार के दर्शन को सुबह से ही भक्तों उमड़े।
शहर में लगभग 200 साल पुराने परंपरागत शोभायात्रा महोत्सव के पहले दिन मंदिरों में सुबह 6:00 बजे से ही पूजा अर्चना शुरू हुई। भगवान का श्रृंगार कर आरती उतारी गई। आम, जामुन, उड़द व चना की दाल का भोग लगाया गया। भगवान की महाआरती के बाद भक्तों के लिए पट खोल दिए गए। सुबह से ही भक्त भगवान के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिरों के बाहर दोपहर तक लंबी-लंबी कतारें लगी रही। विरजी भगत मंदिर में दोपहर बाद भगवान का दुग्ध अभिषेक भी हुआ। दो दिवसीय महोत्सव में पहले दिन जगन्नाथ मंदिर जनरल गंज से रथ यात्रा देर शाम को निकलेगी। दूसरे दिन शनिवार को धनकुट्टी स्थित अयोध्या प्रसाद गुप्ता धर्मशाला से शोभायात्रा निकलेगी।
