लखनऊ : (मानवीय सोच) कारागार एवं होमगार्ड्स राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बुधवार को विभाग के क्रियाकलापों की समीक्षा की। बैठक में सभी मंडलीय एवं जिला कमाण्डेंट रैंक के अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को जहां मस्टरोल के आधार पर होमगार्ड के जवानों की शत-प्रतिशत ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विभिन्न मदों के भुगतान से संबंधित लंबित प्रकरण, ऑनलाइन मस्टररोल, आईजीआरएस संबंधी शिकायतों के निस्तारण, कैशलेस कार्ड एवं विभागीय शासनादेशों से जुड़े प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने को कहा है।
होमगार्ड मुख्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने सभी मण्डलीय स्तर के अधिकारियों को जिला कमाण्डेंटों के साथ महीने में एक बार आनिवार्य रूप से बैठक करके जवानों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भुगतान से संबंधित किसी भी प्रकरण में लापरवाही न बरती जाए और जरूरत हो तो ऐसे प्रकरणों को मुख्यालय भेज कर उसका निस्तारण करें।
