क्या नेटफ्लिक्स की IC 814 सीरीज में होगा बदलाव?

वेब सीरीज ‘IC814’ विवाद को लेकर सूचना प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और नेटफ्लिक्स कंटेंट हेड के बीच मंगलवार को बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक नेटफ्लिक्स की ओर से सरकार को यह आश्वासन दिया गया कि भारत के लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही प्लेटफॉर्म पर कंटेट अपलोड किए जाएंगे. सरकारी सूत्र ने बताया कि इस मामले में विस्तृत तरीके से नेटफ्लिक्स टीम कंटेंट को देख रही है जो इस वेब सीरीज में इस्तेमाल किया गया.

ये बैठक करीब 1 घंटे तक चली. सरकार ने वेब सीरीज ‘आईसी-814- द कंधार हाइजैक’ में अपहर्ताओं के चित्रण को लेकर उठे विवाद के बाद ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स के कंटेंट प्रमुख को सोमवार को तलब किया था. सरकार ने कहा है कि किसी व्यक्ति को देश की भावनाओं से खेलने का अधिकार नहीं है. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स इंडिया के कंटेंट प्रमुख को मंगलवार को बुलाया और वेब सीरीज के कथित विवादास्पद पहलुओं पर स्पष्टीकरण देने को कहा.