क्या मारा गया हिज्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह?

इजरायली लड़ाकू विमानों ने शुक्रवार को लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिण में भीषण हवाई हमला किया। कई घरों को मिट्टी में मिला दिया गया। इजरायली सेना ने यह कार्रवाई हिज्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को मारने की कोशिश में की है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार नसरल्लाह जमीन के नीचे बने अड्डे में टॉप कमांडरों के साथ बैठक कर रहा था। इसी दौरान हमला हुआ। इजरायली खुफिया एजेंसी का मानना ​​है कि नसरल्लाह मारा गया है। हालांकि उसके बच निकलने की भी संभावना है। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार 5 अज्ञात अधिकारियों ने कहा कि इजरायली खुफिया एजेंसियों को ऐसी जानकारी मिली है कि हमले में नसरल्लाह की मौत हो सकती है। हालांकि यह पक्का नहीं है। यह शुरुआती जानकारी है। इसमें बदलाव हो सकता है।

इजरायली सेना ने दहिया में की बमबारी

इजरायली सेना के अनुसार शनिवार सुबह इजरायली सैनिकों ने बेरूत के उपनगर दहिया में और अधिक बमबारी की। इजरायल ने स्थानीय लोगों से हिज्बुल्लाह के हथियार रखने की जगह और अन्य ठिकानों से दूर जाने के लिए कहा है। नसरल्लाह की हत्या हिज्बुल्लाह के खिलाफ चल रहे युद्ध में इजरायल के लिए एक बड़ा कदम होगा। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार दो सप्ताह तक चले इस हमले ने एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष की संभावना को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं। इस बात की संभावना है कि हिज्बुल्लाह का सहयोगी ईरान भी इसमें शामिल हो सकता है।