चंडीगढ़ (मानवीय सोच) पूर्व डब्लूडब्लूई रेसलर दलीप सिंह राणा उर्फ खली एक बार फिर विवाद में पड़ते नजर आ रहे हैं। उनके ऊपर लुधियाना में एक टोल कर्मचारी से बहस के बाद थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खली कुछ टोल कर्मचारियों से बहस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इस वीडियो में खली टोल कर्मचारी को थप्पड़ मारते दिखाई नहीं दे रहे हैं। वहीं खली ने लढ़ोवाल टोल प्लाजा कर्मचारी के ऊपर खुद को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कहा है कि कर्मचारी उनसे कार से उतरकर फोटो खिंचाने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ।
सोमवार की है घटना
पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार की है जब दलीप सिंह राणा उर्फ खली हरियाणा के करनाल से पंजाब जा रहे थे। लढ़ोवाल थाने पर तैनात पुलिस कर्मचारी के मुताबिक मामले में दोनों तरफ से कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उधर सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें टोल कर्मचारी पूर्व डब्लूडब्लूई रेसलर पर खुद को थप्पड़ मारने की बात कही जा रही है। उसका कहना है कि पहचान पत्र मांगने उसे पीटा गया। टोल इंप्लॉयी खली से कहना है कि आपसे आईडी कार्ड मांगा गया था, दिखाई। इस पर खली कहते हैं कि तुम मुझे ब्लैकमेल कर रहे है। फिर कर्मचारी कहता है कि हम आपको ब्लैकमेल नहीं कर रहे हैं। आपने उसे थप्पड़ क्यों मारा? अगर आपके पास आईडी है तो दिखाइए। इसके बाद खली कहते हैं कि उनके पास आईडी कार्ड नहीं है।
विवाद पर खली ने यह कहा
वहीं खली ने इस मामले में वीडियो बयान जारी कर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वहां तैनात कर्मचारी उनके ऊपर गाड़ी से उतरकर सबके साथ फोटो खिंचाने का दबाव बना रहे थे। मेरे ऐसा न करने पर गाड़ी रोकी और गलत वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। साथ ही उन्होंने पुलिस से अपील की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लें ताकि यह लोग सेलेब्स के साथ मिसबिहैव न करें। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि खली के वाहन के सामने एक बैरिकेड लगा दिया गया था, ताकि वह वहां से निकल नहीं सकें। हालांकि पूर्व डब्लूडब्लूई रेसलर कार से बाहर आकर इस टोल प्लाजा को वहां से हटा देते हैं और टोल प्लाजा कर्मचारी द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश बेकार साबित होती है। इस बीच एक पुलिस कर्मचारी मामले में बीच-बचाव करता नजर आता है।
