महाराष्ट्र के ठाणे से एक मानवता को शर्मसार कर देनेवाला मामला सामने आया है। यहां पर एक दरिंदे ने एक 9 साल की बच्ची के साथ बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि भिवंडी के शांति नगर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले गोविंद नगर के अभय यादव (42) ने गुरुवार दोपहर को बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया और बाद में उसका गला घोंट कर हत्या कर दी। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि राहगीरों ने पुलिस को एक बच्ची का शव पड़े होने की सूचना दी थी, जिसके बाद उसने इस मामले की जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर यादव को गिरफ्तार कर लिया।
इसी बीच, शांति नगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या कर शव को भावदाड़ गांव के एक कुएं में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कंचन दास (36) ने बुधवार को अपनी पत्नी लक्ष्मी दास (28) की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने महिला के परिवार को यह बताया कि वह किसी के साथ भाग गई है। लेकिन जांच में उसकी संलिप्तता का संदेह होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। भिवंडी के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
