लखनऊ (मानवीय सोच) उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2017 के पहले सपा की सरकार में पीएम आवास योजना के तहत गरीबों के लिए आवासों का निर्माण ही नहीं किया गया लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद 44 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में पांच साल में मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना में 44 लाख गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। यदि प्रदेश में सपा-बसपा की सरकार होती तो आवास योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती। वे भाजपा के सामाजिक न्याय पखवाड़े के तहत पार्टी दफ्तर में प्रेसवार्ता कर ग्राम्य विकास विभाग की उपलब्धियां गिना रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार से लोगों को गरीब कल्याण योजनाओं का बड़े पैमाने पर लाभ मिल रहा है। प्रदेश में 14 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 के पहले सपा की सरकार में पीएम आवास योजना के तहत गरीबों के लिए आवासों का निर्माण ही नहीं किया गया। लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद 44 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए। योजना में महिला सशक्तीकरण पर खास ध्यान दिया गया।
घरों के स्वामित्व प्रमाण पत्र महिलाओं के नाम से या संयुक्त नाम से दिए गए हैं। लोगों को शौचालय, फ्री बिजली व गैस कनेक्शन दिया जा रहा है। घर तक नल से जल भी उपलब्ध कराया जा रहा है। एक देश-एक राशन कार्ड योजना के तहत पूरे देश में 10 फीसदी लोगों ने दूसरी जगहों से राशन लिया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 50 लाख से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से भी जोड़ा जा रहा है।