अपने ‘लला’ के आगमन की खुशी में अयोध्या नगरी झूम रही है। अब इंतजार हो रहा है तो सिर्फ दीपोत्सव का। 500 वर्ष बाद ‘रामलला की मौजूदगी’ में आज रामनगरी में 35 लाख से अधिक व राम की पैड़ी पर 25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित होंगे। दीपों के कीर्तिमान बनने से पहले ही अयोध्या में मेगा शो शुरू हो जाएगा। सुबह से ही अध्यात्म, संस्कृति व परंपरा का अनूठा संगम दिखने लगा है।
इन आयोजनों के साक्षी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पर्यटन-संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत यूपी के मंत्री भी बनेंगे। अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला के विराजमान होने के बाद यह पहला दीपोत्सव है। इसका इंतजार बेसब्री से न सिर्फ अयोध्या, उत्तर प्रदेश बल्कि समूचा देश कर रहा है। पूरी अयोध्या नगरी का दुल्हन की तरह श्रृंगार किया जा चुका है। रामलला की मौजूदगी में यह पहला और योगी सरकार का आठवां दीपोत्सव है। आयोजन की शुरुआत साकेत महाविद्यालय से हुआ।
यहां से कुल 18 झांकिया निकलीं। इसमें 11 सूचना व सात पर्यटन विभाग की हैं। यह झांकिया रामायण के प्रसंगों पर आधारित हैं। इस दौरान विभिन्न प्रदेशों के कलाकार अपनी संस्कृति का भी परिचय भी दे रहे हैं। फरुआही, बमरसिया, मयूर, बहरूपिया, अवधी, थारू समेत अनेक लोकनृत्य लोगों को अपनी संस्कृति का परिचय करा रहे। आतिशबाजी व रंगोली संग शोभायात्रा भी कुछ घंटों में निकलने वाली है।
दीपोत्सव के नेतृत्वकर्ता , मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ थोड़ी देर में अयोध्या पहुंच जाएंगे। वह रामकथा पार्क में उतरेंगे। इसके बाद वहां भगवान श्रीराम-सीता के राज्याभिषेक में पहुंचेंगे। सीएम योगी, केंद्रीय मंत्री समेत अन्य मंत्री उनके रथ को खींचेंगे। इसके बाद राज्याभिषेक होगा। मुख्यमंत्री यहां आमजन से मुखातिब भी होंगे।
