मथुरा : (मानवीय सोच) यमुना में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे नदी तटीय इलाकों व खादर की कॉलोनियों में जलभराव बढ़ता जा रहा है। बुधवार शाम चार बजे प्रयागघाट पर यमुना का जलस्तर 166.63 मीटर दर्ज किया गया, जो कि खतरे के निशान से 63 सेंटीमीटर ऊपर है। इससे पहले मंगलवार शाम जलस्तर 166.23 मीटर था। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ प्रभावित इलाकों को लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि अगले दो दिन में जलस्तर में ठहराव की संभावना है।
मंगलवार शाम चार बजे यमुना का जल स्तर प्रयागघाट पर 166.23 मीटर था, जो बुधवार शाम चार बजे 166.63 हो गया। हालांकि इसमें भी सुबह 10 बजे के बाद तेजी देखी गई है। पानी के इस बहाव को देखते हुए गोकुल बैराज से आगरा के लिए छोड़े जा रहे पानी की मात्रा भी बढ़ गई है। अब 1.13 लाख क्यूसेक पानी आगरा के लिए छोड़ा जा रहा है।
