दहेज़ के लिए देवरों ने भाभी को ट्रेन के आगे फेंका

राजस्थान    (मानवीय सोच)   भरतपुर में कथित तौर पर दहेज़ के लिए एक महिला बलि पर चढ़ा दी गयी। आरोप है कि इससे पहले ससुरालवालों ने पहले महिला के हाथ-पैर तोड़ दिए थे, जिसके बाद महिला अपने मायके में रह रही थी, लेकिन बीते दिन पति के दो भाई महिला को उठाकर ले गए और ट्रेन के आगे फेंककर उसकी हत्या कर दी गई।

मामला उद्योग नगर थाना इलाके के जघीना गाँव का है। यहां की रहने वाली महिला कल्पना का शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला। महिला के घरवालों ने आरोप लगाया कि महिला के ससुरालीजन दहेज़ के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। हाथ-पैर टूटने के बाद करीब डेढ़ महीने से कल्पना अपने पीहर में ही रह रही थी। शुक्रवार को महिला के दो देवर विष्णु और संजू घर पहुंचे और कल्पना को अपने साथ ले गए और ट्रेन के आगे धक्का दे दिया, जिससे ट्रेन से काटकर महिला की मौत हो गई।

2020 में हुई थी महिला की शादी
26 वर्षीय कल्पना की शादी 11 दिसंबर 2020 में नदबई थाना इलाके के गाओं रौनीजा के रहने वाले कुलदीप के साथ हुई थी। कुलदीप गोपालगढ़ थाने में कांस्टेबल पद पर तैनात है। कल्पना और कुलदीप का एक 11 महीने का बच्चा भी है।

मृतका कल्पना के चाचा जगवीर सिंह ने बताया कि डेढ़ साल पहले हुई शादी के बाद से ही कल्पना के ससुरालवाले दहेज़ के लिए मारपीट करने लगे थे। कुलदीप के शादी से पहले से ही किसी अन्य लड़की के साथ अवैध संबंध थे, जिसके चलते कुलदीप कल्पना को अपने साथ नहीं रखता था। हमने पहले भी नदबई थाने में दहेज़ प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया था। ससुरालीजन कल्पना को मारपीट के बाद घायल कर एक निजी अस्पताल अस्पताल में भर्ती करवाकर फरार हो गए थे। जिसके बाद हमने कल्पना का इलाज करवाया। तभी से वह अपने पीहर में रह रही थी। इसबीच शुक्रवार को कल्पना के दो देवर संजू और विष्णु पीछे से घर पहुंचे। दोनों  कल्पना को अपने साथ ले गए और ट्रेन के आगे धक्का देकर भाग गए।

यह बोली पुलिस
ग्रामीण सीओ ब्रजेश उपाध्याय ने बताया कि एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हुई है जिसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या करने की शिकायत दी है जिसकी जांच की जाएगी। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *