बरेली : (मानवीय सोच) रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 10 नवंबर को 21वां दीक्षांत समारोह अटल सभागार में मनाया जाएगा। इसके लिए टॉपर्स की सूची कई दिनों से तैयार की जा रही थी। शुक्रवार को 79 टॉपर्स की नाम जारी कर दिए गए हैं। इसमें 62 लड़कियां व 17 लड़के शामिल हैं। लिस्ट में बरेली, रामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत आदि के कॉलेजों के विद्यार्थियों को नाम भी शामिल हैं।
समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और विवि की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। इस बार नैक की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष प्रो. अनिल सहस्त्रबुद्धे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। वह शैक्षिक प्रौद्योगिकी मंच के भी अध्यक्ष हैं। इसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंंत्री योगेंद्र उपाध्याय व राज्यमंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी मौजूद रहेंगी। हालांकि विश्वविद्यालय के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि यह अंतिम सूची नहीं है। इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
