प्रोबेशनरी IAS अधिकारी पूजा खेडकर अब एक और विवाद में फंस गई हैं. पुणे ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि उनकी प्राइवेट कार ऑडी ने कई बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया. उनके खिलाफ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की 21 शिकायतें मिली हैं. सबसे नया मामला लापरवाही से गाड़ी चलाने और ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने का शामिल है. मामले में पुणे पुलिस ने उन्हें 27,000 रुपये के जुर्माने के साथ नोटिस जारी किया है. नोटिस में पुणे पुलिस ने कहा कि उन्हें पता चला है कि उनकी ऑडी के फ्रंट और बैक में ‘महाराष्ट्र सरकार’ लिखा हुआ है. उसमें एक बीकन लाइट भी लगी हुई है. पुणे पुलिस के अधिकारी नोटिस देने के लिए पूजा खेडकर के पुणे स्थित आवास पर गए, लेकिन घर पर कोई नहीं था.
विवादों में कैसे आईं IAS पूजा खेडकर
मालूम हो कि इस हफ्ते की शुरुआत में पूजा खेडकर UPSC की उम्मीदवारी में किए गए दावों और सत्ता के कथित दुरुपयोग को लेकर बड़े विवाद में आ गई थीं. इसमें उनकी निजी कार पर लाल बत्ती और ‘महाराष्ट्र सरकार’ का स्टिकर लगाना शामिल था. इसके अलावा, उन्होंने कथित तौर पर बिना अनुमति के अतिरिक्त कलेक्टर अजय मोरे के एंटे-चैम्बर पर कब्जा कर लिया और बिना सहमति के कार्यालय के फर्नीचर को हटा दिया. इसके साथ-साथ अनधिकृत सुविधाओं का भी अनुरोध किया.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि पूजा खेडकर 2023 बैच की IAS अधिकारी हैं, जिन्होंने UPSC परीक्षा में 841वीं रैंक हासिल की थी. यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब पूजा खेडकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की परीक्षा पास करने के लिए शारीरिक विकलांगता श्रेणी और OBC कोटा के तहत लाभों में कथित रूप से हेराफेरी करने के आरोप में जांच के घेरे में आ गईं. इस बीच, पुणे पुलिस ने कहा कि वह पूजा खेडकर द्वारा इस्तेमाल की गई ऑडी कार के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जिन्हें हाल ही में अपने पद का दुरुपयोग करने के आरोपों के बाद पुणे से महाराष्ट्र के वाशिम जिले में ट्रांसफर किया गया है.
