उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) राजनीतिक दल निषाद पार्टी का ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया है. जानकारी सामने आ रही है कि, नाम बदलकर हैकर अकाउंट को ऑपरेट कर रहे हैं. इस मामले में पार्टी अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री संजय़ निषाद ने केस दर्ज कराया है. इसके बाद गौतमपल्ली थाना पुलिस जांच में जुट गई है. पार्टी अध्यक्ष ने पुलिस को जानकारी दी कि पार्टी का फेसबुक अकाउंट @nishadparty4u से था लेकिन इसे हैक कर हैकर्स अब @theshowtravel के नाम से ऑपरेट कर रहे हैं. उन्होंने ये भी बताया है कि, पार्टी के अकाउंट को पहले रिकवर करने की कोशिश भी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली.
इंस्पेक्टर ने बताया कि उनको जानकारी दी गई है कि पार्टी से जुड़ी गतिविधियों और सामाजिक कार्यों व प्रचार-प्रसार के लिए @nishadparty4u नाम से फेसबुक अकाउंट पार्टी ने बनाया था. इस फेसबुक अकाउंट पर पार्टी द्वारा की जाने वाली गतिविधियों व सामाजिक कार्यों से जुड़ी जानकारी को लोगों तक पहुंचाने के लिए जानकारी उपलब्ध कराई जाती थी, लेकिन अब उसे किसी ने हैक कर लिया है.
