पंजाब (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को यह ऐलान कि उनकी सरकार पंजाब में भी दिल्ली का शिक्षा मॉडल लागू करेगी, जहां सभी आर्थिक पृष्ठभूमि के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। मान अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिल्ली के दो-दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने ‘दिल्ली मॉडल’ को समझने और पंजाब में इसे लागू करने के लिए राजधानी के स्वास्थ्य संस्थानों और स्कूलों का दौरा किया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ भगवंत मान दिल्ली के चिराग एंक्लेव स्थित एक सरकारी स्कूल में पहुंचे। मान ने कहा कि दिल्ली की शिक्षा प्रणाली में क्रांति की चर्चा पूरे देश में होती है। हम पंजाब में उसी मॉडल को लागू करेंगे, जहां अमीर या गरीब पृष्ठभूमि के छात्रों को एक साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। देश एक-दूसरे से सीखकर इस तरह प्रगति करेगा।
इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि आइए, हम देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करें।
पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ स्कूली शिक्षा और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी हैं, जो दोनों महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दिल्ली की व्यवस्था की जानकारी लेने आए हैं।
दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिकों में मिलने वाली सेवाओं से 95 प्रतिशत रोगी खुश : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि राजधानी में आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक में आने वाले 95 फीसदी मरीज वहां दी जाने वाली सेवाओं से संतुष्ट हैं। उन्होंने पंजाब में अपने समकक्ष भगवंत मान को यहां एक आदर्श मोहल्ला क्लीनिक और दिल्ली सरकार का एक स्कूल भी दिखाया।
एक मोहल्ला क्लिनिक में मरीजों ने भगवंत मान को बताया कि किसी व्यक्ति को इन क्लीनिकों में डॉक्टर से मिलने और निर्धारित दवाएं लेने में औसतन सिर्फ 10 मिनट का समय लगता है। केजरीवाल ने मान को बताया कि मोहल्ला क्लीनिक में आने वाले 95 प्रतिशत मरीज सेवाओं से खुश हैं। कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी राज्य से हो, इन स्वास्थ्य केंद्रों में मुफ्त इलाज करवा सकता है।
केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली के सबसे पॉश इलाके- ग्रेटर कैलाश में दो मोहल्ला क्लीनिक खोले हैं और इन केंद्रों पर बहुत सारे अमीर मरीज भी आते हैं। उनका कहना है कि उन्हें ऐसी देखभाल कहीं और नहीं मिलती।
