# पीलीभीत में बारिश के साथ भयंकर ओलावृष्टि, कार का शीशा टूटा

पीलीभीत : (मानवीय सोच) मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर करीब 12 बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। भयंकर ओलावृष्टि हुई, जिससे खेत और सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बरखेड़ा में सड़क पर खड़ी कार का शीशा टूट गया। यहां ओले इतने बड़े गिरे, जिससे कार के बोनट पर भी निशान बन गए। 

अचानक मौसम में आए बदलाव ने किसानों को चिंता में डाल दिया। बारिश शुरू होते ही किसान खेतों में पहुंच गए और धान को सुरक्षित करने लगे। इधर, मंडी में खुला पडे धान को जब तक किसान ढक पाते वह भीग गया। बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को ठंड का एहसास करा दिया। 

बेमौसम बारिश ने जहां सर्दी का एहसास करा दिया, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी। जिले में धान की कटाई हो रही है। खेतों में कटा पड़ा धान भीग गया है, जिससे नुकसान का खतरा बढ़ गया है। वहीं तेज हवा से कटने के लिए खड़ा धान खेतों में बिछ गया है। तेज हवा से कई जगह सड़कों पर पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन बाधित रहा।