पेरिस में 17 दिनों तक चलने वाले ओलंपिक खेल में उत्तर प्रदेश के 6 खिलाड़ी अपना दम दिखाने को तैयार हैं। इनमें मेरठ की पारुल चौधरी, अन्नू रानी, प्रियंका गोस्वामी व सहारनपुर की प्राची चौधरी भी शामिल हैं। वाराणसी के ललित उपाध्याय और बलिया के राजकुमार पाल अपना जलवा हाकी में दिखाएंगे। लंदन ओलंपिक-2012 में 8, रियो ओलंपिक -2016 में 7 व टोक्यो ओलंपिक-2020 में यूपी के 10 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। मेरठ की पारुल चौधरी पहली बार ओलंपिक में भाग ले रही हैं।
एशियाई खेल-2022 में पारुल 3000 मीटर स्टीपलचेज मे रजत और 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। ओलंपिक में दो स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाली इकलौती भारतीय एथलीट हैं। पारुल का स्टीपलचेज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9 मिनट 15.21 सेकंड है जो उन्होंने बुडापेस्ट में हुई विश्व चैंपियनशिप में निकाला था। मेरठ की ही प्रियंका गोस्वामी का यह दूसरा ओलंपिक होगा।
मौजूदा समय में प्रियंका 20 किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता में देश की नंबर एक, एशिया की नंबर तीन और दुनिया का 30वें नंबर की एथलीट हैं। टोक्यो ओलंपिक में उमसभरी गर्मी के कारण प्रियंका अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकीं, उन्होंने 12 किलोमीटर तक रेस को लीड किया था। इस बार मौसम ने साथ दिया और वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1 घंटा 28 मिनट 45 सेकंड में कुछ सुधार कर पाईं तो वह भारत के लिए पदक जीत सकेंगी। पहली बार पेरिस ओलंपिक में मिक्स मैराथन पैदल चाल की स्पर्धा आयोजित की जा रही है। इसमें भी प्रियंका हिस्सा लेंगी।
