# पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ 22 जुलाई को यूपी में मनाया जाएगा ‘वन महोत्सव’

लखनऊ : (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल के साथ वन महोत्सव-2023 के सफल आयोजन की कार्ययोजना पर चर्चा की और अफसरों को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीते छह वर्षों में उत्तर प्रदेश में 131 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा वाले उत्तर प्रदेश में वन महोत्सव अब जनांदोलन का स्वरूप ले चुका है। विगत 06 वर्षों में 131 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया जा चुका है। इस कार्य में व्यापक जनसहयोग प्राप्त हुआ है। वर्ष 2017-18 में 5.72 करोड़, 2018-19 में 11.77 करोड़, 2019-20 में 22.60 करोड़, 2020-21 में 25.87 करोड़, 2021-22 में 30.53 करोड़ और 2022-23 में 35.49 करोड़ पौधे लगाए गए। यह सुखद है कि पौधे लगाने के साथ-साथ इनके संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।