उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) प्रयागराज स्टेशन पर तब हलचल मच गई जब प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन में विजिलेंस टीम ने छापा मारा. थोड़ी देर तक किसी को कुछ नहीं पता चला, लेकिन बाद में पता चला कि दो टीटीई ही ट्रेन में शराब को बोतलें और कैश लेकर चल रहे हैं. इसके बाद दोनों से पूछताछ कर गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद डीआरएम (DRM) ने भी कार्रवाई करते हुए दोनों टीटीई को सस्पेंड कर दिया. मंगलवार की रात को प्रयागराज एक्सप्रेस नई दिल्ली से प्रयागराज के लिए निकली. इस दौरान दोनों टीटीई अपनी ड्यूटी पर तैनात थे.
खबरों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से दिल्ली से प्रयागराज जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस में टीटीई के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं. इसके चलते ही विजिलेंस टीम उनकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थी, तभी विजिलेंस टीम को दोनों टीटीई पर शक हुआ. इसके बाद टीम ने प्लान बनाया और प्रयागराज स्टेशन पर सुबह ही दोनों टीटीई को पकड़ लिया और उनके बैग की तलाशी ली गई. बैग में शराब की 11 बोतलें और 1 लाख से ज्यादा का कैश देखकर विजिलेंस टीम भी हैरान रह गई. हालांकि दोनों आरोपी टीटीई ने पूछताछ में क्या बताया. इसको गुप्त रखा गया है.
