लखनऊ : (मानवीय सोच) राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या नगर निगम ने बड़ी तैयारियां कर रखी हैं। श्रद्धालुओं को हर तरह का सहयोग दिलाने के लिए अब नगर निगम विश्वविद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों को वालंटियर बनाएगा। उन्हें प्रशिक्षण देने के बाद तैनात किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मानदेय भी दिया जाएगा।
राम मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद से ही विश्व भर के पर्यटकों की नजर अयोध्या नगरी पर है। हर कोई अपने प्रभु श्रीराम के दर्शन को बेकरार है। देश भर के श्रद्धालु अब नए मंदिर में प्रभु श्री राम का दीदार करना चाहते हैं। शासन-प्रशासन ने भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। जनवरी में प्रस्तावित समारोह की योजना के अनुसार अगले कुछ ही दिनों में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को वालंटियर बनाया जाएगा, जो समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं की हर तरह से मदद करेंगे। उन्हें मार्ग से बताने से लेकर उनकी अन्य समस्याओं से निजात दिलाने का प्रयास करेंगे।
