लखनऊ (मानवीय सोच) योगी सरकार उत्तर प्रदेश में न सिर्फ सुचारू बिजली आपूर्ति को लेकर प्रयास कर रही है, बल्कि बिजली चोरी पर भी सख्त रुख अपना रही है। इसी क्रम में सरकार ने निर्देश दिए हैं कि वो लोग जो कम लोड का बिजली कनेक्शन लेकर अधिक बिजली उपयोग कर रहे हैं, उन्हें उनके घर जाकर ऑन द स्पॉट अधिक लोड वाले कनेक्शन की स्वीकृति दी जाए।
यही नहीं, सरकार की ये भी योजना है कि बिना कनेक्शन बिजली चोरी करने वालों पर न सिर्फ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, बल्कि उन्हें भी ऑन द स्पॉट बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
इस पर सरकार जल्द ही एसओपी जारी कर कदम बढ़ाएगी। उल्लेखनीय है कि योगी सरकार ने प्रदेश में बिजली चोरी रोकने के लिए कई उपाय किए हैं। इसी के तहत बिजली मित्र पोर्टल शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से लोग बिना अपनी आइडेंटिटी बताए बिजली चोरी की शिकायत कर सकते हैं।
