बीजेपी कार्यकर्ता प्रवीण हत्याकांड की जांच करेगी एनआईए

बेंगलुरु (मानवीय सोच)  सत्तारूढ़ भाजपा और हिंदुत्व संगठनों के दबाव के आगे झुकते हुए, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेत्तारू की हत्या की जांच करेगी। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि उनकी सरकार ने भाजपा की जिला युवा मोर्चा समिति के सदस्य की हत्या के मामले की जांच एनआईए को सौंपने का फैसला किया है। सीएम ने कहा, “जांच की जा रही है। ऐसा लगता है कि प्रवीण की हत्या एक संगठित अपराध का हिस्सा थी और इसके अंतर्राज्यीय संबंध हैं। हमने मामले को एनआईए को सौंपने का फैसला किया है।” उन्होंने कहा कि ये फैसला पुलिस आला अधिकारियों से मामले पर चर्चा करने के बाद लिया गया है।

सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील दक्षिण कन्नड़ जिले के सुलिया तालुक के बेल्लारे में मंगलवार रात 32 वर्षीय प्रवीण नेत्तारू की हत्या के बाद हिंदुत्ववादी संगठन और भाजपा में कई लोग एनआईए जांच की मांग कर रहे हैं। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA से जांच कराने का अनुरोध किया था।

बीजेपी कार्यकर्ता प्रवीण नेत्तारू हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और कई अन्य से पूछताछ कर रही है। दोनों का संबंध पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से होने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिले में सुलिया तालुक के बेल्लारे के जाकिर (29) और मोहम्मद शफीक (27) के रूप में हुई है।

इस बीच, जिले में पिछले आठ दिनों में तीसरी हत्या की सूचना मिली है। 23 वर्षीय मोहम्मद फाजिल की गुरुवार रात सुरथकल में तीन-चार अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। नेतरू की हत्या से पहले, 18 वर्षीय चित्रकार मसूद की आठ सदस्यीय गिरोह ने हत्या कर दी थी।

गौरतलब है कि मंगलवार रात को जिला भाजपा युवा मोर्चा समिति के सदस्य प्रवीण नेत्तारू(32) की बेल्लारे में उसकी दुकान के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता पुत्तूर के पास बेल्लारे में ब्रॉयलर की दुकान चलाते थे। भाजपा युवा मोर्चा के नेता की हत्या के बाद बुधवार को दक्षिण कन्नड़ जिले में कई स्थानों पर तनाव उत्पन्न हो गया। कई जगहों पर पथराव और पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की खबरें आयी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *