# बीजेपी की टिफिन बैठक में भड़के विधायक : मंच पर केंद्रीय मंत्री के सामने हुआ विवाद

चंदौली  : (मानवीय सोच)  मंगलवार को BJP का टिफिन कार्यक्रम हुआ। इसमें केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय भी मौजूद थे। वहीं मुगलसराय से BJP विधायक रमेश जायसवाल पार्टी की प्रदेश प्रभारी मीना चौबे और जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह से भिड़ गए। इस दौरान महेंद्र नाथ पांडेय उन्हें शांत कराते दिखे। लेकिन विधायक ने उनकी भी नहीं सुनी। मामला बढ़ा, तो सामने से भी जवाब मिला। अभिमन्यु सिंह ने कह दिया- आंखें मत दिखाइए…अंगुली मत दिखाइए।

दरअसल, केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम मुगलसराय विधानसभा के शिवाला में आयोजित किया गया था। इसी दौरान भाजपा विधायक पहुंचे और अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए जिलाध्यक्ष से भिड़ गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

कार्यक्रम के दौरान मुगलसराय से भाजपा विधायक रमेश जायसवाल मंच पर मौजूद थे। इस दौरान विधायक को केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का सम्मान करने के लिए नहीं बुलाया गया। इसके बाद खुद को उपेक्षित देख विधायक भड़क गए और भड़कते हुए मंच छोड़कर जाने लगे।