बुलंदशहर (मानवीय सोच) खुर्जा में पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके पास से 13 बाइक, एक स्कूटी और एक तमंचा बरामद किया है। खुर्जा सीओ दिलीप सिंह ने बताया कि खुर्जा देहात थाना प्रभारी जयकरण सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाइक चोरी करने वाले तीन लोग मामन खुर्द पुल के नीचे चोरी की बाइक बेचने की फिराक में खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामन खुर्द पुल के नीचे अंडरपास के निकट से तीन लोगों को बाइकों के साथ खड़े देखा। जिन्हे घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया। साथ ही उनके पास से तीन चोरी की बाइक बरामद की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर अन्य 10 बाइक और एक स्कूटी को शिकारपुर रोड़ स्थित बंद पड़े भट्ठे के निकट झाडि़यों से बरामद की। साथ ही उनके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम दलजीत सिंह, ब्रजमोहन और योगेश कुमार बताया।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी दिल्ली, अलीगढ़, गाजियाबाद और अलीगढ़ में वाहन चोरी की घटना को अंजाम देते थे। जोकि चोरी की गई मोटरसाइकिलों और उनके सामानों को बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करते हैं। बाइकों की पहचान छुपाने के लिए आरोपी नम्बर प्लेट बदलकर धोखाधडी कर आस-पास क्षेत्रों में सस्तें दामों में बाइकों को में बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायलय में पेश कर जेल भेज दिया है।
