मऊ : (मानवीय सोच) घोसी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जीत हासिल करके सपा ने अपनी सीट बरकरार रखी। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने 42,759 वोटों के अंतर से बड़ी व रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को एकतरफा मुकाबले में हराया। भाजपा को सहयोगी सुभासपा और निषाद पार्टी का साथ मिला, लेकिन फायदा हाथ नहीं लगा।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव प्रचार किया। गांव-गांव गए और भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को जीतवाने की अपील की, लेकिन मतदाताओं का रुख नहीं बदल सके। इसी तरह निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ संजय निषाद ने भी चुनाव प्रचार किया था। उनका दावा है कि निषाद वोट भाजपा को मिला है, लेकिन सपा प्रत्याशी के रिकॉर्ड वोटों से जीत के अंतर ने दावों की हवा निकाल दी। घोसी विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा ने दम लगाया था। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने करीब चार दिन तक घोसी में कैंप किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी डटे रहे। क्षेत्र में जाकर वोट मांगा, लेकिन नतीजे विपरीत आए।
