मऊ : (मानवीय सोच) नकली नोटों के एक बड़े गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को पुलिस की एक संयुक्त टीम ने कोपागंज थाना क्षेत्र के काछीकला अंडरपास से शनिवार की बीती रात को पकड़ा। पुलिस ने इनके पास से 14 लाख रूपये के नकली नोट के साथ नकली नोट छापने में शामिल होने वाले तीन रिम कागज, एक प्रिमियम प्रिन्टिग मशीन भी बरामद किया। साथ ही लोगों को झांसा देकर नकली नोट देकर असली नोट के रूप में बरामद एक लाख की असली नकदी भी बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने पुलिस को मिली इस बड़ी सफलता की जानकारी दी। बताया कि जिले में अपराधियों को लेकर इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसीक्रम में एसओजी/स्वाट/सर्विलांस टीम तथा कोपागंज पुलिस द्वारा काछीकला अंडरपास के मिले इनपुट के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक स्वीफ्ट कार सवार ने पुलिस टीम को देखकर रूकने के बजाए भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के चलते थोड़ी दूर पीछा कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
