लखनऊ : (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को टिहरी के नरेंद्र नगर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 24वीं बैठक में शामिल हुए। इसमें हर गांव के पांच किमी दायरे में बैंक सुविधा और देश में दो लाख नई कृषि ऋण समितियों के गठन पर मंथन हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सदस्य राज्य उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक से जुड़े। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू बैठक में शामिल हुए। बैठक में एशियाई खेलों में भारत के पहली बार 100 से अधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले सभी खिलाड़ियों का करतल ध्वनि से अभिनंदन का प्रस्ताव पारित किया गया। चंद्रयान-3 की शानदार सफलता, जी-20 सम्मेलन के सफल आयोजन और ऐतिहासिक महिला आरक्षण विधेयक पारित किए जाने का भी स्वागत किया गया।
