लखनऊ : (मानवीय सोच) आउटसोर्स से यूपी-112 मुख्यालय में तैनात सैकड़ों महिला कर्मचारी सोमवार दोपहर को वेतन बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर धरने पर बैठ गईं। पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ और देर रात तक जारी रहा। बिजली आपूर्ति बंद करने के बावजूद वह अपनी मांगों को पूरा कराने को लेकर अड़ी रहीं। जिसके बाद यूपी – 112 की तरफ से बयान जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि यह प्रदर्शन नई सेवा प्रदाता कंपनी और महिला कर्मियों के बीच वेतन बढ़ाने को लेकर है। 31 अक्तूबर तक के वेतन का भुगतान किया जा चुका है।
यूपी-112 में आउटसोर्स से करीब 300 महिला कर्मचारी तैनात हैं। सोमवार दोपहर करीब दो बजे वे धरने पर बैठ गईं। उनकी मांग है कि उनका वेतन बढ़ाया जाए। साथ ही नई कंपनी पहले से कार्यरत कर्मियों को नियुक्ति पत्र जारी करे। महिला कर्मी प्रतिभा, दिव्या, पूजा सिंह व हर्षिता ने बताया कि सात साल से सभी महिलाएं यूपी-112 में कम्युनिकेशन ऑफिसर (कॉल टेकर) के पद पर कार्यरत हैं।
