नई दिल्ली : (मानवीय सोच) पीएम मोदी से मुलाकात के एक दिन बाद मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव शेख मोहम्मद बिन अब्दुल करीम अल-ईसा ने समावेशी विकास के लिए प्रधानमंत्री के आर्थिक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने बताया कि वे उग्रवाद और नफरत के सभी पहलुओं का मुकाबला करने के लिए एक साथ काम करने के महत्व पर सहमत हुए हैं।
दरअसल, भारत यात्रा पर आए मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव अल-ईसा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनके बीच अंतर-धर्म सद्भाव, शांति और मानव प्रगति की दिशा में काम करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा भी हुई।
अल-ईसा ने बुधवार को ट्वीट कर बताया कि पीएम मोदी के साथ विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की गई, जिसमें मानव केंद्रित विकास को आगे बढ़ाने के तरीके व विश्वास और संस्कृति के अनुयायियों के बीच समझ और सद्भाव को बढ़ावा देने के महत्व शामिल हैं।
