चंडीगढ़ (मानवीय सोच) मोहाली ग्रेनेड हमले के मामले में जांच एजेंसियों ने हमले का एक सीसीटीवी फुटेज हासिल करने में कामयाबी हासिल की है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इसका विश्लेषण कर रही हैं। यह फुटेज ऐसे दिन आया है जब पंजाब पुलिस ने मामले के सिलसिले में तरनतारन जिले की पट्टी तहसील के कुल्लाह गांव के रहने वाले निशांत सिंह को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीती सोमवार को मोहाली में पंजाब खुफिया विभाग की बिल्डिंग के बाहर हुए हमले का सीसीटीवी फुटेज जांचकर्ताओं के हाथ लगा है। 38 सेकंड के फुटेज में एक सफेद रंग की कार मोहाली में सेक्टर 77 में इंटेलिजेंस विंग के मुख्यालय के पास आ रही है।
जांच कर्ताओं ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि कार के पांच मंजिला इमारत के पास पहुंचते ही धमाका दिखाई देता है। सूत्रों ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञ फुटेज की जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मोहाली ग्रेनेड हमले में अब तक पंजाब पुलिस 12 लोगों को हिरासत में ले चुकी है। जबकि एक शख्स गिरफ्तार हुआ है।
