उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) सिद्धार्थनगर से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आ रहा है. सिद्धार्थनगर में डुमरियागंज थाना क्षेत्र के एक चौराहे पर पुलिस ने दिव्यांग को इस तरह से पीटा कि जिसने देखा, उसकी रूह सिहर उठी. इस मामले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद ही आनन-फानन में पुलिस अधिकारी ने आरोपी पुलिस कर्मी और होमगार्ड को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही मामले की विभागीय जांच की जा रही है.
बताया गया कि किसी बात को लेकर दिव्यांग शख्स का किसी से डुमरियागंज के बैदोला चौराहे पर विवाद हो गया था. तभी इस मामले को चौराहे पर खड़े पुलिसकर्मी और दो होमगार्ड ने शांत कराने की कोशिश की. इस पर दिव्यांग होमगार्ड और पुलिसकर्मी से भिड़ गए. हालांकि पहले पुलिसकर्मी और होमगार्ड ने उनको समझाने की कोशिश की लेकिन फिर भी वह नहीं माने. इसके बाद पुलिसकर्मी ने जिनका नाम गोपालजी यादव बताया जा रहा है, ने जमकर पीट दिया. मामले में सिद्धार्थनगर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मामले में क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज ने आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दे दिए हैं
