उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा परिसंघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेज कर दीपावली से पहले कर्मचारियों का बोनस और महंगाई भत्ते की किश्त जारी करने की मांग की। परिसंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार बच्चा ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिये दीपावली के पहले बोनस तथा 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्त जारी करने की घोषणा कर दी है।
केन्द्र की तरह प्रदेश सरकार को भी दीपावली के पहले ही बोनस तथा 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्त जारी करनी चाहिये ताकि राज्य कर्मचारी भी दीपावली का त्योहार उल्लास से मना सकें। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति एक अच्छा संदेश जाएगा।
प्रदेश के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों व पेंशनरों ने केंद्र सरकार की भांति प्रदेश सरकार से यहां भी चार फीसदी डीए में वृद्धि करने की मांग की है। संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति व उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके लिए पत्र भेजा है।
