राजभवन ने योग शपथ अभियान में विश्व कीर्तिमान बना दिया। राजभवन का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो गया। राज्य विश्वविद्यालयों के सहयोग से राजभवन में 25,93,276 लोगों को योग प्रतिज्ञा दिलाने से यह सफलता मिली। गिनीज वर्ल्ड के प्रतिनिधि ने शुक्रवार को राज्यपाल को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाण पत्र सौंपा। अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 विश्वविद्यालयों को राज्यपपाल ने प्रशस्ति पत्र दिया। प्रदेश स्तर पर 12 जून से 18 जून 2024 तक संचालित योग शपथ अभियान में विश्व कीर्तिमान स्थापित होने पर राजभवन में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अवार्ड सेरेमनी कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि एडज्यूडीकेटर कुमारी आयनी तूरबली ने राज्यपाल को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाण पत्र देकर इसे एक अद्भुत व शानदार उपलब्धि बताई और राज्यपाल को गिनीज वर्ल्ड के लंदन व जापान स्थित कार्यालय से सराहना व्यक्त किये जाने की जानकारी दी। राज्यपाल ने उन्हें स्मृति चिन्ह दिया।
