राज्यसभा में बृहस्पतिवार को छह नये सदस्यों के शपथ लेने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपनी नयी मंत्रिपरिषद के सदस्यों का परिचय कराये जाने के बाद बैठक को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। साथ ही, सभापति जगदीप धनखड़ ने आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह के निलंबन को वापस लेने की घोषण की। उच्च सदन की बैठक दोपहर बारह बजकर 37 मिनट पर प्रारंभ हुई इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उच्च सदन की बैठक राष्ट्रगान की धुन बजाये जाने के साथ हुई। इसके बाद सभापति धनखड़ के निर्देश पर कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह, झामुमो के डॉ सरफराज अहमद,
भाजपा के प्रदीप कुमार वर्मा, बंसीलाल गुर्जर, माया नारोलिया और बालयोगी उमेशनाथ को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई गई। अखिलेश प्रताप सिंह बिहार से, सरफराज अहमद और प्रदीप कुमार वर्मा झारखंड से तथा बंसीलाल गुर्जर, माया नारोलिया और बालयोगी उमेशनाथ मध्य प्रदेश से उच्च सदन के लिए चुने गए हैं। इसके उपरांत सभापति ने भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को सदन का नेता नियुक्त किए जाने की घोषणा की। नड्डा इसी वर्ष गुजरात से निर्वाचित होकर उच्च सदन में पहुंचे हैं और उनका कार्यकाल 2030 तक है। नड्डा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रासायनिक एवं उर्वरक मंत्री भी हैं। इससे पहले भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल राज्यसभा में सदन के नेता थे।
