अयोध्या : (मानवीय सोच) रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण-कार्य जोरों पर है. मंदिर में प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इसके लिए देशभर से कुछ न कुछ अयोध्या पहुंचाया जा रहा है. मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर से एक विशेष रथ के जरिए 600 किलो का शिवलिंग भी अयोध्या ले जाया जा रहा है. सवा 4 फीट ऊंचे इस शिवलिंग की श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में ही प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी.
संवाददाता ने बताया कि ओंकारेश्वर में 600 किलो वजनी शिवलिंग नर्मदा नदी की एक बड़ी चट्टान से तैयार हुआ था. अयोध्या में लाए जाने के बाद इस शिवलिंग का रुद्राभिषेक अनुष्ठान किया जाएगा. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी. उन्होंने कहा कि रामलला की प्रतिमा श्री राम जन्मभूमि मंदिर में विराजेगी, उस दौरान भगवान शिव का पवित्र शिवलिंग भी स्थापित किया जाएगा.
