# रितु कारिधाल ने चंद्रयान-3 की लांचिंग की : लखनऊ विश्वविद्यालय से MSC किया

(मानवीय सोच)  भारत की ‘राकेट वूमेन’ के नाम से मशहूर लखनऊ की बेटी डॉ. रितु कारिधाल की अगुवाई में श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-3 अंतरिक्ष के लिए रवाना किया गया। इस बड़ी उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय में जश्न का माहौल हैं।

LU की डीन और रितु कारिधाल की शिक्षक रही प्रो. पूनम टंडन ने बताया, यह न केवल लखनऊ विश्वविद्यालय के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गोल्डन डे हैं। यहां से पढ़ी हुई बेहद साधारण परिवार की बेटी ने आज वो मुकाम हासिल किया हैं, जिस पर पूरे देश को नाज हैं।

GATE में किया था क्वालीफाई

प्रो.पूनम टंडन ने बताया, रितु ने लखनऊ विश्वविद्यालय से 1994 से 1996 तक MSC की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने डॉ. मनीषा गुप्ता के अंडर में पीएचडी में दाखिला लिया। इस बीच उनका चयन GATE में हो गया। फिर वो IISC चली गई। आगे चलकर उनका सिलेक्शन ISRO में हो गया।

चंद्रयान – 2 के बाद साल 2019 में वो लखनऊ विश्वविद्यालय आई थी। इस दौरान LU में उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा। इस दौरे में वो फिजिक्स डिपार्टमेंट और लैब भी गई। उन्होंने स्टूडेंट्स से भी अनुभव साझा किए।