लखनऊ में एक बार फिर धंसी सड़क, PWD ने कराई बैरिकेडिंग

नगर निगम मेट्रो कारपोरेशन और जलकल की लापरवाही से सड़कों के धंसने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार शाम हजरतगंज से परिवर्तन चौराहे को जाने वाली मुख्य सड़क हलवासिया के सामने धंस गई। इसकी वजह नाली के पानी का रिसाव बताया गया है। सड़क की मरम्मत के लिए काम शुरू कर दिया गया है। दो महीने में सड़क धंसने की यह चौथी घटना है।राजधानी के पॉश इलाके हजरतगंज से परिवर्तन चौराहे को जाने वाली मुख्य सड़क हलवासिया के सामने शुक्रवार शाम करीब एक मीटर धंस गई।

इससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। जानकारी मिलने पर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता सत्येन्द्र नाथ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बैरिकेडिंग कराकर धंसे हिस्से की गहन से जांच की। घटना की जानकारी नगर निगम और मेट्रो कारपोरेशन को भी दी गई। मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने खुदाई का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।

इसके पहले राजधानी में चार जगह सड़कें धंस चुकी हैं। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता (मध्य क्षेत्र) विजय कन्नौजिया ने बताया कि हलवासिया पुलिस चौकी के सामने करीब एक मीटर चौड़ा गड्ढा हो गया है। नगर निगम की टीम ने खुदाई की तो नाली से जल रिसाव होता मिला। इससे करीब एक मीटर चौड़ाई में कैविटी बनने से धंसाव हुआ। नगर निगम ने जल रिसाव वाले स्थान पर मरम्मत शुरू करा दी है।