लखनऊ : (मानवीय सोच) लोकभवन के बाद अब साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगेगी। पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि 16 अगस्त को यह प्रतिमा यहां स्थापित किए जाने की घोषणा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने की।
श्रद्धेय पं. अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल फाउंडेशन की बैठक में अटलजी की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा के दौरान प्रतिमा लगाने का फैसला लिया गया। अपने सरकारी आवास पर बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अटलजी का लखनऊ से गहरा नाता रहा है।
लखनऊ से सांसद बनकर देश के प्रधानमंत्री पद को उन्होंने सुशोभित किया। उनकी पहचान राजनीति में अजातशत्रु के रूप में तो थी ही साथ ही उन्हें एक महान कवि और साहित्यकार के रूप में भी याद किया जाता है। 16 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में उनकी भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा। इस मौके पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी होगा।
