विजयवाड़ा में बच्चे में दिखे मंकीपॉक्स के लक्षण

हैदराबाद  (मानवीय सोच)  आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में मंकीपॉक्स के लक्षणों के बाद एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीजीएच अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे का ब्लड सैंपल नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ वायरॉलजी पुणे को भेज दिया गया है। अभी रिपोर्ट आने का इंतजार है। अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट एन राव ने कहा कि बच्चे का परिवार सऊदी अरब से लौटा है। उन्हें  अभी क्वारंटीन में रखा गया है।

बता दें कि दो दिन पहले ही केरल में मंकीपॉक्स के एक मामले की पुष्टि हुई है। वह ऊएई से लौटा था। लक्षणों को देखते हुए उसका भी ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। उसका इलाज अभी तिरुवनंतपुरम के अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि केरल का जो शख्स संक्रमित पाया गया उसके साथ यात्रा करने वाले 11 लोग, एक टैक्सी ड्राइवर, एक डॉक्टर और परिवार के लोग निगरानी में हैं। केरल के पांच जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कोल्ल्म, पतानामतित्ता, अलापुज्जा, कोट्टायम और तिरुवनंतपुरम शामिल हैं।

दुनियाभर के अब तक 27 देशों में मंकीपॉक्स के मामले पाए जा चुके हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इससे किसी की मौत नहीं हुई है। फिर भी भारत सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अडवाइजरी जारी करके सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *