शाहजहांपुर : (मानवीय सोच) जलालाबाद थाना की पुलिस टीम ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के नाम पर ठगी करने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। उसने सिलाई मशीन का लालच देकर लगभग दो हजार लोगों से चार लाख रुपये की ठगी की है। आरोपी के पास से केंद्र सरकार की फर्जी मुहर समेत कई चीजें बरामद हुई हैं।
जलालाबाद थाना पुलिस ने मंगलवार रात ग्राम बघापुर पंचायत भवन में पंकज शर्मा निवासी ग्राम पिपरी (थाना कटरा) को गिरफ्तार किया। एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि आरोपी पंकज शर्मा ने ठगी की बात स्वीकार की है। उसके कब्जे से पुलिस को लैपटॉप, बायोमैट्रिक मशीन, एक फर्जी अंगूठा क्लोन, केंद्र सरकार की फर्जी मोहर, तीन सिलाई मशीन, 29 आधार कार्ड समेत कई डॉक्यूमेंट और 17070 रुपये नकद मिले हैं।
पूछताछ में आरोपी पंकज ने बताया कि 13 जनवरी 2023 को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का एक नोटिफिकेशन प्रकाशित हुआ। इसकी विज्ञप्ति 20 मई 2023 को प्रकाशित हुई। उसने सोचा कि इसके फॉर्म भरवाकर सिलाई मशीन सरकार द्वारा दिए जाने के नाम पर लोगों से 100-100 रुपये लिए जा सकते हैं।
