सरकारी रिवाल्वर नहीं बल्कि एयरगन लेकर चल रही है बलरामपुर पुलिस

बलरामपुर    (मानवीय सोच)  पुलिस अब सर्विस रिवाल्वर नहीं बल्कि एयरगन से खुद की तथा लोगों की सुरक्षा कर रही है। यह खुलासा बीते दिनों नाराज दरोगा के युवक पर रिवाल्वर तानने की जांच में हुआ है। दरोगा के निलंबन आदेश में यह दर्शाया गया है कि दरोगा ने युवक पर जो रिवाल्वर तानी थी वह एक लाइसेंसी साफ्ट एयरगन है।

विदित हो कि गत मंगलवार की दोपहर में नगर के पहलवारा मोहल्ले में बंधन बैंक में तैनात युवक मोहित कुमार दीक्षित की बाइक ललिया थाने में तैनात दरोगा अरूण कुमार गौतम की बाइक से टकरा गई थी। घटना से नाराज दरोगा ने युवक को जमकर पीटा था। यही नहीं मरहम पट्टी कराने गए युवक पर दरोगा ने नर्सिंग होम में घुसकर रिवाल्वर तानकर धमकाया था। दरोगा की इस अनुशासनहीनता पर एसपी ने उसे निलंबित कर दिया था। निलंबन आदेश में यह दर्शाया गया है कि दरोगा ने जो रिवाल्वर युवक पर तानी थी वह उसकी सरकारी सर्विस रिवाल्वर नहीं बल्कि लाईसेंसी एयरगन थी।

अब सवाल यह उठता है कि मनबढ़ दरोगा एयरगन लेकर क्यों चलता था और उसकी मंशा क्या थी। इससे पहले भी इस दरोगा के कई कारनामे उच्चाधिकारियों के संज्ञान में थे। बीते दिन यही दरोगा अपनी तेज रफ्तार बाइक लेकर एमएलके पीजी कालेज में एक शिक्षक की कार से टकरा गया था। दरोगा ने वहां भी अपना रौब गालिब करते हुए शिक्षक से 4500 रुपए क्षतिपूर्ति के रूप में लिया था। दरोगा के इस कारनामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *