लखनऊ : (मानवीय सोच) विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा ने अपने विधायकों को ज्यादा तारांकित प्रश्न न लगाने का फरमान सुनाया गया है। सत्र में सत्तारूढ़ दल के विधायक क्षेत्र की समस्या और शिकायतों के समाधान के लिए अधिक से अधिक अतारांकित प्रश्न ही लगा सकेंगे। मानसून सत्र 7 से 11 अगस्त तक होगा। मानसून सत्र को सदन में चर्चा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एक तरफ सरकार अपनी उपलब्धियां सदन में पेश करेगी। वहीं दूसरी तरफ विपक्ष सदन में सरकार को घेरने की पुरजोर कोशिश करेगा। ऐसे में सत्तारूढ़ दल सदन में ऐसा कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है जिससे विपक्ष को मुद्दा मिले। लिहाजा पार्टी के विधायकों को संदेश दिया गया है कि ज्यादा तारांकित प्रश्न नहीं लगाएं। यदि किसी विभाग से जुड़ी कोई खास समस्या है तो संबंधित मंत्री या संसदीय कार्य मंत्री से बातकर उसका हल निकालें।
