लखनऊ : (मानवीय सोच) एक देश-एक चुनाव पर केंद्र सरकार द्वारा कमेटी गठित किए जाने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने वन-नेशन वन इलेक्शन की प्रक्रिया को एक अभिनव पहल करार देते हुए इसे आज की आवश्यकता बताया है। सीएम योगी ने कहा है कि इस निर्णय से न सिर्फ विकास की प्रक्रिया गतिमान होगी, बल्कि यह लोकतंत्र की समृद्धि और उसकी स्थिरता को सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशहाली लाएगा।
सीएम योगी ने अपने वक्तव्य में कहा कि देश में स्थिरता अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। ऐसे ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकारों की स्थिरता के साथ-साथ विकास के लिए भी एक गतिमान सरकार चाहिए होती है। इस दृष्टि से वन नेशन-वन इलेक्शन एक अभिनंदनीय प्रयास है। यह जानकर प्रसन्नता है कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में वन नेशन-वन इलेक्शन के लिए कमेटी बनी है। इस अभिनव पहल के लिए देश की सबसे बड़ी आबादी के राज्य उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ह्दय से आभार व्यक्त करता हूं।
