लखनऊ : (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। सही मायने में कहा जाए तो यूपी अब भारत की विकास यात्रा का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। सीएम योगी शुक्रवार को इंडियन स्टील एसोसिएशन द्वारा होटल ताज में आयोजित समिट को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का बेहतरीन वातावरण है। सीएम योगी ने निवेशकों आश्वस्त करते हुए कहा कि आपके निवेश की सुरक्षा की गारंटी सरकार की है।
सीएम योगी ने कहा कि विगत छह वर्षों में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। आज प्रदेश में पर्व और त्योहारों में कोई दंगा-फसाद नहीं होता है। वीवीआईपी की विजिट बहुत सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होती है। 2019 के प्रयागराज कुंभ में 24 करोड़ श्रद्धालु आए थे, लेकिन कहीं कोई आराजकता नहीं फैली। उन्होंने कहा कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश ने एक लंबी छलांग लगाई है।
