साल 1991 में भारत को पहला सुपर कंप्यूटर परम देने वाले महान वैज्ञानिक विजय पाण्डुरंग भटकर इस समय क्वांटम कंप्यूटर के निर्माण के कार्य को पूरा कराने में लगे हुये हैं। उन्होंने तीन साल में क्वांटम कंप्यूटर का निर्माण पूरा होने की बात कही है। दरअसल, कल यानी सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में 67वें दीक्षांत समारोह का आयोजन होना है। दीक्षांत समारोह में भारतीय सुपर कंप्यूटर के जनक विजय पाण्डुरंग भटकर को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया गया है।
दीक्षांत समारोह की पूर्व संध्या पर वैज्ञानिक विजय पाण्डुरंग भटकर लखनऊ पहुंचे और उन्होंने राजभवन में पत्रकारों से बात की। उन्होंने भारत में सुपर कंप्यूटर में निर्माण की वजह बताते हुये कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, यही वजह है कि कृषि भारत की अर्थव्यवस्था का आधार भी है,लेकिन करीब 35 साल पहले तक किसानें को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, इसके पीछे की वजह मौसम की सटीक जानकारी न होना था, कब बरसात होगी, कब नहीं होगी, यह जानकारी किसानों को नहीं हो पाती थी।
