उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) लोक सेवा आयोग ने स्टाफ नर्स एलोपैथ (पुरुष/महिला) भर्ती-2023 के लिए प्रारंभिक परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। यह परीक्षा 19 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे और मुख्य परीक्षा के आधार पर अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा पांच जनपदों प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर और मेरठ में एक सत्र में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। स्टाफ नर्स के 2240 पदों पर भर्ती के लिए तकरीबन 90 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। कुल पदों में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग के तहत स्टाफ नर्स (पुरुष) के 171 और स्टाफ नर्स (महिला) के 2069 पद शामिल हैं।
परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 अगस्त 2023 से शुरू हुई थी। इस भर्ती परीक्षा के आवेदन के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य किया गया था। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी समय से ओटीआर नहीं कर सके थे, जिससे आयोग को आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी थी।
